अनुराधा पौडवाल को ले जा रहा हेलीकॉप्टर हुआ था क्रैश, अब उसे 2.5 करोड़ में बेच रही शिवराज सरकार

[ad_1]

भोपाल. मध्य प्रदेश सरकार के 24 साल पुराने हेलीकॉप्टर बेल-430 को बेच दिया जाएगा. इस हेलीकॉप्टर की नीलामी के लिए सात बार टेंडर निकाला गया था. इसके बाद इसकी कीमत तय हुई. मई 2022 में सातवीं बार टेंडर निकाला गया था. भोपाल की कंपनी एफए इंटरप्राइजेस ने इसे 2.57 करोड़ रुपए में खरीदने का प्रस्ताव दिया था. अब इसे 2,57,17,777 रुपये में बेचने की मंजूरी दी गई है. यह वही हेलीकॉप्टर है जिससे साल 2003 में गायिका अनुराधा पौडवाल का एक्सीडेंट हो गया था.

यह हेलीकॉप्टर 21 फरवरी, 2003 को इंदौर के विजय नगर के पास बॉलीवुड गायिका अनुराधा पौडवाल को एक सरकारी कार्यक्रम में ले जाते समय एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. घटना में पौडवाल को मामूली चोटें आईं थीं. हादसे में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के निजी सहायक राजेंद्र सिंह रघुवंशी को गंभीर चोटें आई थी. मंगलवार को पीटीआई से बात करते हुए, रघुवंशी ने कहा कि वह पौडवाल को बियोरा के पास एक सरकारी कार्यक्रम में ले जा रहे थे और तत्कालीन एमपी कांग्रेस प्रमुख राधाकिशन मालवीय भी उस हेलीकॉप्टर पर सवार थे, जब हेलीकॉप्टर इंदौर शहर के बाहरी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

कंपनी ने निर्माण बंद किया
मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को भोपाल में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कैबिनेट ने हेलीकॉप्टर विक्रय के प्रस्ताव पर मुहर लगाई. उन्होंने कहा कि शासकीय हेलीकॉप्टर बेल-430 वर्ष 2003 में दुर्घटनाग्रस्त होने तथा निर्माता संस्था द्वारा इसका निर्माण बंद करने और उड़ान योग्य नहीं होने के कारण उसे विक्रय करने के लिए ई-निविदा आमंत्रित की गई थी.

10 साल से ढूंढ रहे थे खरीददार, 7वें टेंडर में फैसला
मप्र सरकार ने यह हेलीकॉप्टर 1998 में 33 करोड़ रुपए में खरीदा था. पुराना होने के कारण सरकार 10 साल से इसे बेचने की कोशिश कर रही थी. हेलीकॉप्टर को बेचे जाने के लिए मई 2022 में सातवीं बार टेंडर निकाला गया था. भोपाल की कंपनी एफए इंटरप्राइजेस ने इसे 2.57 करोड़ रुपए में खरीदने का प्रस्ताव दिया था. जिस पर विमानन विभाग की अनुशंसा के बाद वित्त विभाग ने भी अपनी सहमति जताई थी, जिसके बाद अब कैबिनेट से भी यह मंजूरी मिल गई है. यह भी काबिले गौर है कि इस हेलीकॉप्टर की खरीदार कंपनी के ऑनर नईम रजा एक एयरक्राफ्ट मेन्टेनेंस इंजीनियर हैं. उनका स्क्रैप का भी कारोबार है.

Tags: Madhya pradesh news, Shivraj singh chouhan

[ad_2]

Source link

Comments (0)
Add Comment