[ad_1]
इंदौर. मध्यप्रदेश के इंदौर के खजराना थाना इलाके में मंगलवार सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई. इलाके में सफाई के लिए पहुंचे नगर निगम के कर्मचारी ने आधा कटा हुआ शव बोरे में बंधा हुआ पड़ा देखा. नगर निगम के कर्मचारी ने ही पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरु कर दी. प्राथमिक जांच में आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव को दो टुकड़ो में काटकर अलग-अलग हिस्सों में फेंका गया है.
शव का दूसरा ऊपरी हिस्सा अब तक पुलिस को नहीं मिल सका. घटना के कुछ देर बाद चंदन नगर इलाके के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और शव के परिवार के सदस्य के होने के बारे में दावा किया. उन्होंने बताया कि उनके परिवार का सदस्य कुछ समय पहले किन्नरों की टोली में शामिल हुआ था. वह जयपुर रहता था. कुछ समय पहले ही इंदौर आया था. हालांकि वह घर से गायब था तो एक दिन पहले ही परिजनों ने उसकी गुमशुदगी भी थाने में दर्ज करवाई थी. सुबह ही उसका शव इलाके में मिला ,उसके पैर दुपट्टे से बंधे थे, और ऊपरी हिस्सा गायब था.
शव का एक हिस्सा गायब
दरअसल इंदौर के खजराना थाना अंतर्गत इलाके में स्टार चौराहे के पास नगर निगम कर्मचारियों को एक व्यक्ति का बोरे में बंद शव मिला. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की. जिस बोरे में शव मिला तो उसे खोलते ही पुलिस के भी होश उड़ गए. क्यूंकि शव का आधा हिस्सा ही वहां था. कमर के नीचे से लेकर पैरों तक का हिस्सा वहां मिला है. इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन चैकिंग अभियान चलाया लेकिन शरीर का दूसरा हिस्सा नहीं मिला. संभावना है कि शरीर को किसी मशीन की मदद से काटा गया है. क्यूंकि पूरा शरीर एक सीधे निशान में कटा है. वह बिलकुल तिरछा नहीं कटा है. शव के पैर एक दुपट्टे से बंधे हैं.
दुपट्टे से परिवार ने की पहचान
शव के पैर पर बंधे एक दुप्पटे से शहर के ही एक परिवार ने पहचान कर दावा किया है कि यह शव मोहसिन उर्फ़ ज़ोया किन्नर का है. वह कुछ समय से घर से गायब था. उसके गायब होने की रिपोर्ट भी पुलिस थाना खजराना में दर्ज करवाई गई थी. जिस वक़्त वह गायब हुआ था, तब उसने यह दुपट्टा डाला हुआ था. मोहसिन पहले युवक था, लेकिन उसे किन्नरों के प्रति लगाव था. इस वजह से उसने कुछ समय पहले लिंग परिवर्तन करवा लिया था और किन्नरों की टोली में शामिल हो गया था. किन्नरों की टोली में शामिल होने पर उसका नाम ज़ोया किन्नर रखा गया था.
हालांकि पुलिस अब भी पूरे मामले में जांच का दावा कर रही है. परिवार जिस दुपट्टे से शव को अपने भाई का होने का दावा कर रहा है, पुलिस उसे ही अंतिम नहीं मान रही है. बल्कि अन्य बिन्दुओं पर पड़ताल की जा रही है. दावा है कि डीएनए टेस्ट कराकर शव की शिनाख्त की जाएगी. आशंका है कि इस दुपट्टे का इस्तेमाल पुलिस जांच को भटकाने के लिए भी किया गया हो. पुलिस अब आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है. इसमें सीसीटीवी में एक जगह मोहसिन गुजरते भी नजर आया है, लेकिन उसके बाद वापिस नहीं लौटा. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के बयान लेकर जांच शुरु कर दी है. दावा है कि जल्द ही हत्या कर फेंके गए शव की गुत्थी सुलझा ली जाएगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Indore news, Madhya pradesh news
FIRST PUBLISHED : August 30, 2022, 16:02 IST
[ad_2]
Source link