[ad_1]
हाइलाइट्स
सिरोही के रेवदर इलाके के सिलदर गांव की घटना
भालू ने किसान पर आधी रात को अचानक किया था हमला
प्रतीक सोलंकी.
सिरोही. बेटियां माता-पिता की जान होती है. माता-पिता की खुशी के लिए बेटियां कुछ भी कर जाती हैं. इस बात का सच साबित करके दिखाया है राजस्थान के सिरोही जिले की 14 साल की एक बेटी ने. खेत में सो रहे पिता पर जब रात के अंधेरे में भालू ने हमला किया तो यह बेटी बिना अपनी जान की परवाह किये अकेले ही उससे भिड़ पड़ी. हालांकि भालू ने उसके पिता को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। लेकिन बेटी ने आखिरकार भालू से अपने पिता को बचा लिया. गंभीर रूप से घायल हुए पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात को हुई. सिरोही जिले के गजापुरा गांव का करमाराम चौधरी और उसका परिवार सिलदर के एक कृषि कुंए पर खेती करता है. करमाराम हमेशा की तरह फसल की रखवाली के लिये खेत में खुले में खाट पर सोया हुआ था. आधी रात को करमाराम पर एक भालू ने हमला कर दिया. भालू को देखकर कुत्ते भौंकने. कुत्तों के भौंकने और पिता के चिल्लाने की आवाज सुनकर खेत में बने मकान में सो रही करमाराम की बेटी जोशना और पत्नी की नींद खुल गई.
जोशना ने लट्ठ उठाया और भालू पर टूट पड़ी
दोनों हड़बड़ाकर बाहर आईं. वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई. भालू करमाराम को दबोचे हुये बैठा था. यह देखकर जोशन एकबारगी तो घबरा गई. लेकिन बाद में उसने पास ही पड़े लट्ठ को उठाया और भालू पर टूट पड़ी. अचानक हुये हमले से भालू और आक्रामक हो गया. उसने जोशन पर हमला करने की कोशिश की. लेकिन इस बीच जोशना की मां ने भालू पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिये. करीब आठ से दस मीनट तक यह सब चलता रहा. बाद में चौतरफा हमला होते देखकर भालू वहां से भाग गया.
करमाराम के सिर, हाथ और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं
भालू के हमले से करमाराम के सिर, हाथ और मुंह पर गंभीर चोटे आई हैं. घटना के बाद सूचना मिलने पर करमाराम के रिश्तेदार और पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से करमाराम को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. वहां करमाराम की गंभीर हालात को देखकर प्राथमिक उपचार के बाद उसे गुजराज के मेहसाणा रेफर कर दिया गया. किसान करमाराम की हालत गंभीर बताई जा रही है. लेकिन मां और बेटी के साहस के चर्चे अब आसपास के गांवों में हो रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Daughter, Rajasthan news, Sirohi news
FIRST PUBLISHED : September 07, 2022, 17:29 IST
[ad_2]
Source link