[ad_1]
बैतूल. बैतूल की कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है, जिसमें बहू ने अपनी सास और ननद से बदला लेने के लिए घर में रखे 6 लाख के जेवरों पर हाथ साफ कर दिए. जेवरों को अपनी बहन के घर पर जमीन में गाड़कर छिपा दिया. मामला शहर के मोती वार्ड इलाके का है जहां रहने वाले शिवचरण वाघमारे ने 14 अगस्त के दिन कोतवाली थाने में चोरी हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो चोरी में किसी शातिर के होने जैसे कोई सबूत नहीं मिले. शिकायतकर्ता के रिश्तेदारों पर पुलिस को शक हुआ और एक-एक करके सभी से पूछताछ हुई.
पूछताछ के दौरान एक बड़ा सुराग पुलिस के हाथ लगा. दरअसल, 14 अगस्त के दिन शिकायतकर्ता शिवचरण का पूरा परिवार रक्षाबंधन मनाने सारनी गया था लेकिन रास्ते में उनकी छोटी बहू संध्या रानीपुर में अपनी बहन के घर पर रुक गई थी. परिवार के बाकी सदस्यों के रवाना हो जाने के बाद संध्या अपनी बहन और जीजा को लेकर वापस बैतूल आई और मकान के पिछले दरवाजे से अंदर घुसकर 6 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए. चोरी करने का प्लान पहले ही तैयार था, इसलिए संध्या ने घर से निकलते समय पिछला दरवाजा खुला छोड़ दिया था.
बहन के घर के अंदर जमीन में गाड़ दिए थे जेवर
चोरी के बाद तीनों वापस रानीपुर आए और संध्या ने जेवर अपनी बहन के घर के अंदर जमीन में गाड़ दिए. पुलिस ने संध्या के कबूलनामे के बाद सारे जेवर बरामद कर लिए हैं. संध्या, उसकी बहन और जीजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कोतवाली थाना टीआई अपाला सिंह के मुताबिक इस चोरी के पीछे संध्या का अपनी सास और ननद के साथ विवाद सबसे बड़ी वजह थी. संध्या ने बदले की नीयत से चोरी की थी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Betul news, Mp news, OMG News
FIRST PUBLISHED : August 19, 2022, 20:51 IST
[ad_2]
Source link