बारिश ने इंदौर में मचाया हाहाकार : कांग्रेस ने कहा-अब पूरा हो जाएगा कैलाश विजयवर्गीय का सपना

[ad_1]

इंदौर. इंदौर में बारिश ने हाहाकार मचवा दिया है. ऐसी बारिश पिछले कई साल में लोगों ने यहां नहीं देखी थी. बहाव में लोग और गाड़ियां तो बहे ही मकान-दुकान सब पानी पानी हो गए. मौसम विभाग कह रहा है अभी ये मुसीबत जारी रहेगी. अगले 36 घंटे के लिए उसने रेड और यलो अलर्ट जारी किया है. बारिश में डूबे इंदौर के हालात पर कांग्रेस ने तंज किया कि अब शहर में क्रूज चलाने का कैलाश विजयवर्गीय का सपना पूरा हो सकता है.

पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से देश के नंबर वन शहर इंदौर में हाहाकार मच गया. नगर निगम के इंतजामों की पोल खुल गई. देश के पहले वाटर प्लस शहर में पानी ही पानी हो गया. जिम्मेदारों की नाकामी की वजह से शहर की जनता परेशान होती रही. कई बस्तियों में 4-4 फीट तक पानी भरा गया. पानी भरा होने की वजह से लोग घरों में भी ऊंचे स्थानों पर बैठे रहे. सड़कों पर पानी की वजह से कई कारें बाइक बह गयीं.

नाले में बहे युवक और महिला
नालों में उफान से दो जिंदगियां दांव पर लग गयीं. चंदन नगर और बाणगंगा क्षेत्र में एक युवक और एक महिला बह गई. उधर मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे तक बारिश का नया अलर्ट जारी किया है. उसमें इंदौर और आसपास के क्षेत्र में कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश के रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में अलग-अलग सिस्टम सक्रिय हैं. पूर्वी प्रदेश के साथ सौराष्ट्र पर भी एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसके अलावा द्रोणिका भी राजगढ़, अहमदाबाद की ओर से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है. इससे 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है जो 20 अगस्त तक प्रदेश को तरबतर कर सकता है. ऐसे में देश के सबसे स्वच्छ शहर की मुसीबतें बढ़ रही है.

ये भी पढ़ें- EXCLUSIVE : जेल में फूट–फूट कर रो पड़े मिर्ची बाबा, रात भर बदलते रहे करवटें

कैलाश विजयवर्गीय का पूरा हो सकता है सपना
महज 5 इंच बारिश में पूरा शहर डूब गया. जिससे नगर निगम पर कई सवाल भी खडे़ हो गए हैं. लोगों की परेशानी को लेकर कांग्रेस हमलावर है. कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव कहना है जिस तरह के हालात शहर में बने, उसे देखकर लग रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय का 20 साल पुराना शहर में क्रूज चलाने का सपना पूरा हो सकता है. शहर की सड़कों पर नगर निगम को क्रूज चला देना चाहिए, क्योंकि सड़कें तालाबों में तब्दील हो गयी हैं.

कहां गए करोड़ों रुपए?
राकेश सिंह यादव ने कहा नगर निगम हर साल 15-20 करोड़ रुपए स्टार्म वाटर लाइन पर खर्च करने का दावा कर रहा है. लेकिन हकीकत में ये पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है. शहर में नाला टेंपिग के नाम पर तीन सौ करोड़ की राशि का बंदरबांट हो गया. नए महापौर को इस भ्रष्टाचार की जांच के लिए रिटायर जज की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी बना देना चाहिए.

बैक फुट पर महापौर
शहर के हालात को लेकर मेयर पुष्यमित्र भार्गव बैक फुट नजर आ रहे हैं. उनका कहना है हम लोगों ने शहर के कुछ क्रोनिक पाइंट चिंहित किए हैं. जहां पर लगातार वाटर लॉगिंग हो रही है,इसके लिए एक अलग से योजना बनाई जाएगी और इसका स्थायी हल निकाला जाएगा. इसके साथ ही स्टॉर्म वाटर लाइन्स भी पूरे शहर में बिछाई जाएंगी.

Tags: Heavy rain alert, Indore News Update

[ad_2]

Source link

Comments (0)
Add Comment