[ad_1]
हर्षिल सक्सेना/बारां. राजस्थान के बारां जिला अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर में भीषण गर्मी के बीच डॉक्टर ऑपरेशन करते समय पसीने में लथपथ हो जाते हैं. मरीजों को भी हाई ब्लड प्रेशर और डिहाइड्रेशन का खतरा बना रहता है. जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में लगे एयर कंडीशनर काफी समय से खराब पड़े हुए हैं. इन हालातों में ऑपरेशन थिएटर में ऑपरेशन करना डॉक्टर के सामने कई समस्या खड़ी कर देता है.
जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में कई सालों से पुराने एसी लगे हुए हैं जो बार-बार खराब हो जाते हैं. ऑपरेशन थिएटर में मरीजों की सर्जरी करते समय ठंडे वातावरण की आवश्यकता होती है, जो मरीज को उपलब्ध नहीं हो पा रही है. ऐसी परिस्थिति में डॉक्टर रिस्क लेकर मरीजों का ऑपरेशन कर रहे हैं. एसी बंद होने से ऑपरेशन करते समय डॉक्टर मरीज सहित अन्य स्टाफ पसीने में तर बतर हो जाते हैं.
हर महीने 300 से ज्यादा ऑपरेशन
बारां जिला अस्पताल की ओटी में हर महीने सर्जरी, ईएनटी, आर्थो सहित 300 के ऊपर ऑपरेशन किए जातें है. ऑपरेशन थिएटर में एसी बंद होने के कारण यहां तापमान अधिक रहता है. ऐसे में डॉक्टर स्टाफ व मरीज को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ता है. वहीं ऑपरेशन करते समय डॉक्टर की कमीज पसीने में लथपथ हो जाती है.
ऑपरेशन करते समय बीपी बढ़ने का खतरा
वरिष्ठ सर्जन डॉ. देवी शंकर नागर ने बताया कि एसी नहीं होने से ऑपरेशन थिएटर में काफी गर्मी बनी रहती है. ओटी के एसी बंद होने से मरीजों को गर्मी का सामना करना पड़ता है तो वहीं डॉक्टर भी ऑपरेशन करते समय पसीने से लथपथ हो जाता है. ऐसे में डॉक्टर के बीपी बढ़ने की आशंका बनी रहती है. काफी समय से बंद पड़े एसी को सुचारू रूप से चालू करने के लिए पिछले दो-तीन महीने से प्रयास किए जा रहे हैं. डॉक्टर की ओर से जिला अस्पताल अधिकारी को कई बार अवगत करा दिया गया है. अधिकारी की ओर से एसी को जल्द ठीक करवाने का आश्वासन दिया गया है. डॉ. देवी शंकर नागर ने बताया कि ऑपरेशन करते समय ऑपरेशन थिएटर का अनुकूल वातावरण की आवश्यकता होती है. ऐसा न होने पर मरीज को डिहाईड्रेशन, बीपी डाउन होने अटैक आने जेसी बीमारी का खतरा बना रहता है. इन बीमारियों से जान का भी खतरा रहता है.
पीएमओ डॉ सतीश अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में फैली कई अव्यवस्थाओं में सुधार किया गया है. हर समस्या का समाधान समय-समय पर किया जा रहा है. यह भी एक बड़ी समस्या है. इस समस्या को जल्द दूर किया जाएगा और ओटी में लग रहे पुराने व बंद एसी शीघ्र बदलवा दिए जाएंगे. इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Baran news, Health, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : September 16, 2022, 13:30 IST
[ad_2]
Source link