[ad_1]
इम्तियाज अली, (झुंझुनू). झुंझुनू जिले की नवलगढ़ पंचायत समिति राजस्थान की पहली ऐसी पंचायत समिति बनने जा रही है, जिसकी हर ग्राम पंचायत में मिनी स्टेडियम होगा. इनमें विधायक, ग्राम पंचायत व पंचायत समिति के बजट और भामाशाहों के सहयोग से हर तरह की सुविधाएं होंगी. ताकि, सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को एक ही जगह एक मंच मिल सके. इस बारे में प्रधान दिनेश सुंडा कहते हैं कि झुंझुनूं जिले के युवाओं में सेना में जाने का जज्बा है. यहां के युवा सड़क किनारे प्रैक्टिस करते रहते हैं. इस कारण कई बार हादसे हो जाते हैं. इसलिए विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा की प्रेरणा से हमने गांवों में स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेशभर में ग्रामीण ओलंपिक खेल करवाने का निर्णय लिया तो हमारे मन में भी यह आया कि क्यों न हम भी प्रत्येक पंचायत में खेल स्टेडियम तैयार कराएं. उन्होंने बताया कि गांवों में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं है, लेकिन बिना प्लानिंग के बजट खर्च करने से कुछ नहीं होता. इसलिए हमने क्रमबद्ध तरीके से गांवों के कटानशुदा खेल मैदानों में मिनी स्टेडियम तैयार करने की शुरुआत की है. इसके तहत विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा, ग्राम पंचायत और पंचायत समिति का बजट काम में लिया जाएगा. कुछ जगह भामाशाहों से सहयोग लिया जाएगा.
ये होंगी व्यवस्थाएं
प्रत्येक स्टेडियम में टीन शेड युक्त मंच बनेगा. यहां 20 बाय 20 फीट का स्टेज होगा. जिस पर टीन शेड लगेगा. ताकि, बारिश में भी बच्चे अभ्यास कर सकें. प्रत्येक स्टेडियम में ओपन जिम भी होगी. जिम में एक्सरसाइज के लिए 8-10 तरह के उपकरण लगाएंगे. बता दें, विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा पहले से ही गांवों में ओपन जिम खुलवा रहे हैं. प्रधान ने बताया कि जिन गांवों में पहले से ओपन जिम है, वहां उसी जगह मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा और जिन गांवों में ओपन जिम नहीं है, वहां मिनी स्टेडियम तैयार कर ओपन जिम भी खोली जाएगी. स्टेडियम में फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे खेलों की व्यवस्था की जाएगी.
46 ग्राम पंचायतों में चार चरणों में बनेंगे मिनी स्टेडियम
प्रधान दिनेश सुंडा ने बताया कि नवलगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की 46 ग्राम पंचायतों में चार चरणों में मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे. इसके लिए कटानशुदा खेल मैदानों का चयन किया जाएगा. नवलगढ़ पंचायत समिति के अधिकांश गांवों में पहले से ही खेल मैदान हैं. लेकिन वे सुव्यवस्थित नहीं हैं. इन ग्राउंड की जमीन को रिकॉर्ड में खेल मैदान या मिनी स्टेडियम के नाम दर्ज करवाकर सुविधाएं जुटाई जाएंगी. इस पूरी कवायद का मकसद युवाओं को सेना भर्ती की तैयारी के लिए सुविधा उपलब्ध करवाना है. ताकि, उन्हें सड़क किनारे दौड़ नहीं लगानी पड़ी. इससे युवा हादसों के शिकार होने से बचेंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Jhunjhunu news, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : August 29, 2022, 11:24 IST
[ad_2]
Source link