[ad_1]
भोपाल. मध्य प्रदेश की सियासत में भले ही बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने रहते हों, लेकिन बदलते सियासी माहौल में अब इन दोनों पार्टियों को तीसरे नए दल से दो चार होना पड़ेगा. माना जा रहा है कि साल 2018 के चुनाव में आदिवासी संगठन ‘जय आदिवासी युवा शक्ति’ (जयस) की मजबूती के साथ अब सियासी माहौल बदल रहा है. साल 2023 के चुनाव से पहले हुए पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में जयस ने आदिवासी इलाकों में अपनी मजबूत पैठ को साबित कर बीजेपी और कांग्रेस की मुश्किलों को बढ़ा दिया है. हाल ही के पंचायत चुनाव में जयस ने दावा किया है कि उसके 864 सरपंच और 97 जनपद सदस्य और 25 जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं.
जयस का यह दावा बताता है कि आदिवासी क्षेत्रों में वो मजबूत हो रहा है, लेकिन उससे बड़ा संकेत जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा की तरफ से आया है. अलावा ने कहा कि सामाजिक संगठन के तौर पर जयस अपना प्रभाव बढ़ा रहा है और 2023 के चुनाव में उसका असर दिखाई देगा. हालांकि, कांग्रेस को अभी से उम्मीद है 2018 के चुनाव में जिस तरीके से आदिवासी संगठन का उसे साथ मिला, उसी तरह 2023 के चुनाव में भी मिलेगा.
बीजेपी ने साधा निशाना
लेकिन, बीजेपी ने कांग्रेस समर्थित आदिवासी संगठन को लेकर निशाना साधा है. बीजेपी के मुताबिक एनडीए समर्थक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में जिस तरीके से कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, उससे अगले साल होने वाले चुनाव की भविष्यवाणी का अंदाजा लगाया जा सकता है.बता दें, हाल ही में राष्ट्रपति के हुए चुनाव में कांग्रेस के आदिवासी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी. ऐसे में 2023 के चुनाव में आदिवासियों और खास तौर पर आदिवासी संगठन जयस को साधे रखने में कांग्रेस कितनी सफल होती है यह देखना होगा.
एआईएमआईएम की भी हुई एंट्री
दूसरी ओर, पहली बार नगरीय निकाय चुनाव लड़ने वाली असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद उल मुस्लिमीन (AIMIM) ने प्रदेश की सियासत में एंट्री कर ली है. इस चुनाव में उसके 7 पार्षद जीत हैं. नगरीय निकाय चुनाव की पहले चरण की मतगणना में एआईएमआईएम के चार पार्षद प्रत्याशी जीते थे, जबकि दूसरे चरण की मतगणना में पार्टी के तीन पार्षद प्रत्याशी और जीत गए. पार्टी द्वारा दूसरे चरण में जीती गई ये तीनों सीटें खरगोन नगरपालिका की हैं. इस नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 से एआईएमआईएम प्रत्याशी अरुणा उपाध्याय ने भाजपा प्रत्याशी सुनीता देवी को 31 मतों से हरा दिया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bhopal news, Mp news
FIRST PUBLISHED : July 25, 2022, 06:47 IST
[ad_2]
Source link