[ad_1]
भोपाल. राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को तीसरे दौर की मतगणना के बाद अपने प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा पर जीत हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण 50 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया. सभी मतों की गिनती के बाद उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है, लेकिन उन्हें पहले ही 5,77,777 मत मिल चुके हैं, जो 18 जुलाई को हुए चुनाव में डाले गए कुल वैध वोटों के आधे से अधिक है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को जीत के लिए बधाई दी और कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ‘वह अपने कर्तव्य के निर्माण से देश की प्रतिष्ठा बहुत बढ़ाएंगी.’
सिंह ने अपने एक ट्वीट में कहा, “देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और अमृत महोत्सव के इस अवसर पर, यह देश का सौभाग्य है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने एक कर्तव्यनिष्ठ, समाजसेवी, समर्पित, जनसेवी अनुसूचित जनजाति वर्ग से आने वाली हमारी बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाया. आज वह देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर निर्वाचित हो गई हैं. यह भारत के लोकतंत्र की खूबी है. अलग भाषा अलग भेष, फिर भी अपना एक देश; भारत अनेकों रंग में रंगा है और जनजातीय समाज हमारा प्रमुख अंग है. आज उसी समाज से आने वाली बहुमुखी प्रतिभा की धनी, आदरणीय द्रोपति मुर्मू अब भारत की राष्ट्रपति हैं. मैं हृदय से उनको बधाई देता हूं.”
प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर बधाई दी. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने पर द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत बधाई एवं उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए अशेष शुभकामनाएं. अपने सुदीर्घ प्रशासनिक व समृद्ध सामाजिक अनुभव से आप संवैधानिक प्रमुख के रुप में नया इतिहास रचें, ऐसी मेरी कामना है.”
विपक्षी दलों के 17 सांसदों ने उनके समर्थन में की ‘क्रॉस वोटिंग’
निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने घोषणा करते हुए कहा कि मुर्मू को पहले ही कुल मान्य वोटों के 53 प्रतिशत से अधिक प्राप्त हो चुके हैं. दस राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतों की गिनती अभी चल रही है. विपक्षी दलों के 17 सांसदों ने उनके समर्थन में ‘क्रॉस वोटिंग’ की है. आंध्र प्रदेश के सभी विधायकों ने मुर्मू के पक्ष में मतदान किया, जबकि अरुणाचल प्रदेश में उन्हें चार को छोड़कर सभी विधायकों के मत मिले.
राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने अपनी हार स्वीकार करते हुए मुर्मू को बधाई दी. उन्होंने कहा कि हर भारतीय उम्मीद करता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के ‘संविधान के संरक्षक’ के रूप में कार्य करेंगी.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर मुर्मू को बधाई दी और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bhopal news, Draupadi murmu, Shivraj singh chouhan
FIRST PUBLISHED : July 21, 2022, 22:08 IST
[ad_2]
Source link